यहेजकेल 25 (HCV)
अम्मोन के विरुद्ध भविष्यवाणी
1यहोवाह का वचन मेरे पास आया: 2“हे मानव-पुत्र, अपना मुंह अम्मोनियों की ओर करके उनके विरुद्ध भविष्यवाणी करिये. 3उन लोगों से कहिये, ‘सार्वभौम यहोवाह का वचन सुनिए. सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है: क्योंकि जब मेरा पवित्र निवास अपवित्र किया गया और जब इस्राएल देश उजाड़ा गया और जब यहूदिया के लोग बंधुआई में चले गए, तो आप लोगों ने आहा, आहा! कहा, 4इसलिये मैं आप लोगों को पूर्व देश के लोगों के अधीन करने जा रहा हूं. वे आप लोगों के बीच अपना शिविर खड़ा करेंगे और अपना तंबू गाड़ेंगे; वे आप लोगों का फल खाएंगे और आप लोगों का दूध पिएंगे. 5मैं रब्बाह को ऊंटों का चरागाह और अम्मोन देश को भेड़ों का विश्राम स्थल बना दूंगा. तब आप लोग जानेंगे कि मैं यहोवाह हूं. 6क्योंकि सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है: क्योंकि आप लोगों ने इस्राएल देश के प्रति अपने हृदय के सब द्वेष भावना के कारण आनंदित होकर ताली बजाई और अपने पैरों को पटका, 7इसलिये मैं आप लोगों के विरुद्ध अपना हाथ बढ़ाऊंगा और आप लोगों को लूट की वस्तु के रूप में जनसमूहों के लोगों के बीच दे दूंगा. मैं लोगों के बीच से आप लोगों का नाम तक मिटा दूंगा और आप लोगों को देश-देश में पूरी तरह नाश कर दूंगा. मैं आप लोगों को नाश करूंगा, और तब आप लोग जानेंगे कि मैं ही यहोवाह हूं.’ ”
मोआब के विरुद्ध भविष्यवाणी
8“सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है: ‘क्योंकि मोआब और सेईर ने कहा, “देखिये, यहूदाह का वंश भी दूसरे सब जातियों के समान हो गया है,” 9इसलिये मैं मोआब के किनारे को खुला छोड़ूंगा और इसकी शुरुआत सीमावर्ती नगर—बेथ-यशिमोथ, बाल-मेओन और किरयथियों से होगी, जो उस देश की शोभा हैं. 10मैं मोआब को अम्मोनियों के साथ पूर्वी देश के लोगों के अधीन कर दूंगा, ताकि अम्मोनियों को लोग याद न करें; 11और मैं मोआब को दंड दूंगा. तब वे जानेंगे कि मैं ही यहोवाह हूं.’ ”
एदोम के विरुद्ध भविष्यवाणी
12“सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है: ‘क्योंकि एदोम ने यहूदाह से बदला लिया और ऐसा करके बहुत दोषी ठहरा, 13इसलिये सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है: मैं एदोम के विरुद्ध अपना हाथ बढ़ाऊंगा और आदमी और जानवर दोनों को मार डालूंगा. मैं उसे उजाड़ दूंगा और तेमान से लेकर देदान तक, वे तलवार से मारे जाएंगे. 14मैं अपने इस्राएली लोगों के द्वारा एदोम से बदला लूंगा, और वे मेरे क्रोध और कोप के मुताबिक उनसे व्यवहार करेंगे; तब वे मेरे प्रतिशोध को जानेंगे, सार्वभौम यहोवाह की घोषणा है.’ ”
फिलिस्तिया के विरुद्ध भविष्यवाणी
15“सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है: ‘क्योंकि फिलिस्तीनियों ने प्रतिशोध की भावना से काम किया और अपने हृदय की ईर्ष्या के कारण बदला लिया, और प्राचीन शत्रुता के कारण यहूदाह को नष्ट करने का प्रयत्न किया, 16इसलिये सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है: मैं फिलिस्तीनियों के विरुद्ध अपना हाथ बढ़ाने ही वाला हूं, और मैं केरेथियों को मिटा दूंगा और उनको नष्ट कर दूंगा, जो समुद्र के किनारों पर बचे हुए हैं. 17मैं उनसे भयंकर बदला लूंगा और अपने कोप में होकर उनको दंड दूंगा. तब वे जानेंगे कि मैं यहोवाह हूं, जब मैं उनसे प्रतिशोध लूंगा.’ ”