यहोशू 23 (HCV)
इस्राएली नेताओं से यहोशू की विदाई
1जब यहोवाह ने इस्राएल को उनके पड़ोसी राष्ट्रों के शत्रुओं से बचाया, बहुत समय बीत गया और यहोशू बहुत बूढ़े हो गए. 2तब यहोशू ने समस्त इस्राएल के नेताओं, प्रधानों, प्रशासकों तथा अधिकारियों को बुलाया और उनसे कहा, “मैं बहुत बूढ़ा हो चुका हूं. 3आप लोगों ने वह सब देख लिया है, जो यहोवाह, आपके परमेश्वर ने आप लोगों के लिए सभी राष्ट्रों के साथ किया है, वास्तव में यह यहोवाह, आपके परमेश्वर ही थे, जो आप लोगों की ओर से लड़ रहे थे. 4यह याद रखिए कि मैंने यरदन से लेकर भूमध्य-सागर तक के देशों को आप लोगों के गोत्रों का भाग बनाया है, बचे हुए भाग को छोड़ दिया है. 5यहोवाह, आपके परमेश्वर उन्हें आप लोगों के बीच से निकाल देंगे, और उन्हें आप लोगों से अलग कर देंगे और आप लोग उनके देश पर अधिकार कर लेंगे, ठीक जैसा यहोवाह, आपके परमेश्वर ने कहा था.
6“दृढ़ होकर मोशेह द्वारा लिखे व्यवस्था और नियमों का पालन करिएगा; इससे न तो दाईं ओर और न ही बाईं ओर मुड़िएगा. 7आप लोग इन लोगों से मत मिलिएगा, जो अब तक आप लोगों बीच में हैं; आप लोग उनके देवताओं का नाम मत लीजिएगा और न उन देवताओं की शपथ लीजिएगा, न उनकी आराधना करिएगा और न उनको दंडवत करिएगा. 8बल्कि आप लोग यहोवाह, अपने परमेश्वर के प्रति श्रद्धा और विश्वास में बने रहिएगा; जैसा आप लोग आज तक करते आए हैं.
9“याद रहेः यहोवाह ने बड़े एवं बलवंत लोगों को आप लोगों के बीच से निकाला है, और कोई आप लोगों के सामने ठहर न सके. 10आप लोगों में से एक ही व्यक्ति हज़ार शत्रुओं को मारने के लिए काफ़ी हैं; क्योंकि आप लोगों से किए वायदे के अनुसार यहोवाह, आपके परमेश्वर, आप लोगों की ओर से लडते आये हैं. 11इसलिये यहोवाह, आपके परमेश्वर के प्रति आप लोगों का प्रेम दृढ़ बना रहे.
12“यदि आप लोग उन लोगों से दोस्ती बढ़ाएंगे, जो अब तक आप लोगों के बीच में रह रहे हैं, तो आप लोगों के तथा उनके बीच गहरे संबंध हो जाएंगे, उनसे वैवाहिक संबंध स्थापित करेंगे, 13तो निश्चयतः यहोवाह, आपके परमेश्वर इन राष्ट्रों को आप लोगों के बीच से नहीं निकालेंगे; ये लोग आप लोगों के लिए जाल तथा फंदा, आप लोगों की पसलियों पर लगी चाबुक तथा आंखों की चुभन साबित होगें, अंत में यह अच्छी भूमि जो यहोवाह, आपके परमेश्वर ने दी है नष्ट हो जाएगी.
14“अब मेरी मृत्यु का समय निकट है, जिस मार्ग पर पृथ्वी के सभी को चलना है. हृदय तथा प्राणों की गहराई में आप लोग जान लीजिए, कि यहोवाह, आपके परमेश्वर के मुंह से निकली हुई हर बात बिना पूरी हुई न रही है. आप लोगों के लिए कही हुई सब बातें पूरी हुई हैं. 15फिर जिस प्रकार आप लोगों के विषय में यहोवाह, आपके परमेश्वर द्वारा कही गई सब भली बातें पूरी हुई हैं, उसी प्रकार यहोवाह सभी कष्ट आप लोगों पर तब तक डालते रहेंगे, जब तक आप लोग इस देश से, जिसे यहोवाह, आपके परमेश्वर द्वारा आप लोगों को दिया गया है, नष्ट न हो जाए; 16अगर आप लोग आपके परमेश्वर की वाचा तोड़ेंगे, जिसका आदेश उन्होंने आप लोगों को दिया था, और आप लोग दूसरे देवताओं की वंदना करेंगे, उनके सम्मान में झुकेंगे! तब यहोवाह का दंड आप लोगों पर आएगा और तुरंत ही आप लोग यहोवाह की ओर से दिए गए इस उत्तम देश से नष्ट हो जाएंगे.”