येरेमियाह 45 (HCV)
बारूख के लिए संदेश
1योशियाह के पुत्र यहूदिया के राजा यहोइयाकिम के राज्य-काल के चौथे वर्ष में जब भविष्यद्वक्ता येरेमियाह ने नेरियाह के पुत्र बारूख को एक पुस्तक में लिखने के लिए जो संदेश दिया था, उसे लिखने के बाद येरेमियाह ने बारूख को कहा: 2“बारूख, इस्राएल के परमेश्वर, यहोवाह, का आपके लिए यह संदेश है: 3आपने कहा था, ‘हाय, धिक्कार है मुझ पर! यहोवाह ने मेरी पीड़ा पर शोक भी लाद दिया है; मैं कराहते-कराहते थक चुका हूं और मुझे कुछ भी चैन प्राप्त नहीं हुआ है.’ 4परंतु यहोवाह ने मुझे आपसे यह कहने के लिए बोला है, ‘यह यहोवाह की वाणी है: यह देख लीजिएगा कि मैं वह सब ध्वस्त कर दूंगा, जिसे मैंने ही निर्मित किया है. जिसे मैंने रोपित किया है, उसे मैं ही अलग कर दूंगा; अर्थात् संपूर्ण देश को. 5किंतु आप, क्या आप अपने लिए विशेष कृपादृष्टि की खोज में हैं? मत करिये यह खोज. क्योंकि आप देख लीजिएगा मैं सभी मनुष्यों पर सर्वनाश ले आने पर हूं, यह यहोवाह की वाणी है, किंतु मैं आपका जीवन आपके लूट की सामग्री सदृश दे दूंगा, चाहे आप कहीं भी जाएं.’ ”