व्यवस्था 16 (HCV)

फ़सह उत्सव
1अबीब आपके लिए उत्सव का महीना हो. आप इस महीने में यहोवाह, अपने परमेश्वर के सम्मान में फ़सह उत्सव मनाया करें. क्योंकि यहोवाह, आपके परमेश्वर ने अबीब माह में रात में आपको मिस्र देश से निकाला था. 2आप यहोवाह द्वारा अपनी प्रतिष्ठा की स्थापना के लिए नामित स्थान पर अपने भेड़-बकरियों और गाय-बैलों में से यहोवाह आपके परमेश्वर को फ़सह बलि अर्पण करेंगे. 3इस भोजन में खमीर बिलकुल न मिला हो. सात दिनों तक आप खमीर रहित भोजन—दुःख के भोजन—का उपभोग ही करेंगे; क्योंकि मिस्र देश से आपका निकलना जल्दी में हुआ था. इस उत्सव का एकमात्र उद्देश्य यही है कि आप जीवन भर मिस्र से निकलने के दिन को याद रख सकें. 4इन सात दिनों में आपकी सारी सीमा के भीतर खमीर देखा ही न जाए. जिस पशु की बलि पहले दिन शाम में दी जाती है, उसका मांस सुबह तक बाकी न रह जाए.
5आपको किसी भी नगर में बलि चढ़ाने की इजाज़त नहीं है जो नगर आपको यहोवाह, आपके परमेश्वर द्वारा दिए जा रहे हैं; 6सिवाय उस स्थान के, जिसे यहोवाह, आपके परमेश्वर उनके सम्मान की स्थापना के निमित्त नामित करेंगे. आप शाम को सूरज डूबने के समय में फ़सह बलि अर्पित चढ़ाएंगे; उसी समय पर, जिस समय पर आप मिस्र देश से निकले थे. 7आप इसे उसी स्थान पर पकाएंगे और उसका उपभोग करेंगे, जिसे यहोवाह आपके परमेश्वर चुनेंगे. सुबह आप अपने-अपने शिविरों को लौट जाएंगे. 8छः दिन आप खमीर रहित रोटी को ही खाएंगे; सातवें दिन यहोवाह, आपके परमेश्वर के लिए एक पवित्र सभा होगी, इस दिन आप किसी भी प्रकार की मेहनत न करें.
सात सप्‍ताह उत्सव
9आपको तैयार उपज को इकट्ठी करने के लिए शुरू के दिन से सात सप्‍ताह गिनने होंगे. 10तब आपको सप्‍ताहों के उत्सव को मनाना होगा. यहोवाह आपके परमेश्वर के लिए उनसे प्राप्‍त हुई आशीषों के अनुपात में स्वैच्छिक भेंट लेकर आपको उपस्थित होना होगा. 11आप यहोवाह, अपने परमेश्वर के सामने, उस स्थान पर उल्‍लसित होएंगे, जिसे यहोवाह आपके परमेश्वर अपनी प्रतिष्ठा की स्थापना के लिए चुनेंगे; आप, आपके पुत्र-पुत्रियां, आपके सेवक-सेविकाएं और आपके नगर में निवास कर रहे लेवीगोत्रज, साथ ही वह परदेशी, अनाथ, विधवा, जो आपके बीच में निवास करते हैं. 12आप इस बात को भूल न जाएं कि आप मिस्र देश में गुलाम थे. इन नियमों के पालन के विषय में आप सावधान रहेंगे.
झोपड़ी का उत्सव
13झोपड़ी का उत्सव मनाने का अवसर होगा, खलिहान से और अंगूरों के रसकुंड से उत्पाद एकत्र कर चुकने के सात दिन बाद. 14इस उत्सव में आप आनंद मनाएंगे—आप, आपके पुत्र-पुत्रियां, सेवक-सेविकाएं, लेवीगोत्रज, परदेशी, अनाथ और आपके नगर की विधवाएं. 15सात दिन आप उस स्थान में, जिसे यहोवाह द्वारा चुना गया है, यह उत्सव मनाएंगे, क्योंकि यहोवाह, आपके परमेश्वर आपको आपके सारे उत्पाद में, आपके हर एक उद्यम में आशीष देंगे, कि आप हर एक बात में उल्‍लसित हो जाएं.
16आप में से हर एक पुरुष साल में इन तीन अवसरों पर, अर्थात् अखमीरी रोटी के उत्सव, सप्‍ताहों का उत्सव और झोपड़ी का उत्सव पर, यहोवाह, आपके परमेश्वर के सामने उस स्थान पर उपस्थित होंगे, जिसे यहोवाह नामित करेंगे. ध्यान रहे कि कोई भी यहोवाह के सामने खाली हाथ उपस्थित न हों: 17हर एक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार भेंट प्रस्तुत करेंगे, जैसा जैसा यहोवाह, आपके परमेश्वर ने आपको आशीषित किया है.
न्यायाध्यक्ष
18उन नगरों में, जिन्हें यहोवाह आपके परमेश्वर आपको, आपके गोत्रों के अनुसार प्रदान कर रहे हैं, आप वहां न्यायाध्यक्ष और अधिकारी नियुक्त करेंगे, वे ही सच्चाई से प्रजा का न्याय किया करेंगे. 19आप न्याय में विकृति न आने दें; आप भेद-भाव नहीं करेंगे और घूस नहीं लेंगे; क्योंकि घूस बुद्धिमानों को अंधा कर देती और धर्मियों के शब्दों को खराब कर देती है. 20आप न्याय और सिर्फ न्याय ही का पालन करें, कि आप जीवित रह सकें और उस देश पर अधिकार कर सकें, जिसे यहोवाह, आपके परमेश्वर आपको प्रदान कर रहे हैं.
अन्य देवताओं की पूजा
21जब आप यहोवाह, आपके परमेश्वर के लिए वेदी को बनाएं, तो अशेरा खंभे के रूप में किसी वृक्ष को न लगाएं, 22वस्तुतः आप अपने लिए किसी भी ऐसे खंभे को नहीं बनाएंगे, जो यहोवाह, आपके परमेश्वर की दृष्‍टि में घृणित है.