स्तोत्र 47 (HCV)
स्तोत्र 47
संगीत निर्देशक के लिये. कोराह के पुत्रों की रचना. एक स्तोत्र.
1समस्त जनसमूहों, तालियां बजाइए;
हर्षोल्लास में परमेश्वर का जय जयकार करिये.
2यहोवाह, सर्वोच्च परमेश्वर भय-योग्य हैं,
वही समस्त पृथ्वी के ऊपर पराक्रमी राजा हैं.
3उन्हीं ने जनसमूहों को हमारे अधीन कर दिया है,
लोग हमारे पैरों के नीचे हो गए हैं.
4उन्हीं ने हमारे लिए निज भाग को निर्धारित किया है,
यही याकोब के गौरव हैं, जो उनके प्रिय हैं.
5जय जयकार की ध्वनि के मध्य से परमेश्वर ऊपर उठाए गए,
तुरही नाद के मध्य यहोवाह ऊपर उठाए गए.
6स्तुति-गान में परमेश्वर की वंदना करिये,
वंदना करिये;
स्तुति-गान में हमारे राजाधिराज की वंदना करिये,
वंदना करिये.
7परमेश्वर संपूर्ण पृथ्वी के राजाधिराज हैं;
उनके सम्मान में स्तुति-आराधना का एक गीत प्रस्तुत करिये.
8संपूर्ण राष्ट्रों पर परमेश्वर का शासन है;
परमेश्वर अपने पवित्र सिंहासन पर विराजमान हैं.
9अब्राहाम के परमेश्वर की प्रजा के रूप में
जनसमूहों के अध्यक्ष एकत्र हुए हैं,
क्योंकि पृथ्वी की ढालों पर परमेश्वर का अधिकार है;
परमेश्वर अत्यंत गौरवान्वित हैं.