1 इतिहास 27 (HCV)
सैन्य अधिकारी
1नीचे दी गई सूची इस्राएली परिवारों के प्रधानों और सहस्रपति और शतपति, सेनापतियों की और उनकी भी है, जो राजा की सेवा उनसे संबंधित सभी विषयों में करते रहते थे. हर एक टुकड़ी से यह उम्मीद की जाती थी कि साल में एक महीने सेवा करे. हर एक टुकड़ी की संख्या थी 24,000.
2ज़ाबदिएल के पुत्र यासोबअम पहली टुकड़ी के अधिकारी थे, जिन्हें पहले महीने में सेवा की जवाबदारी सौंपी गई थी. उनकी टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे. 3वह पेरेज़ के वंशज थे. वह पहले महीने में सभी सैन्य अधिकारियों के प्रमुख थे.
4अहोही दोदाई दूसरे महीने के लिए ठहराई गई टुकड़ी के अधिकारी थे; मिकलोथ उनके प्रमुख अधिकारी थे. इस टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे.
5तीसरे महीने के लिए ठहराई गई टुकड़ी के अधिकारी थे यहोयादा के पुत्र बेनाइयाह. इस टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे. 6यह वही बेनाइयाह थे जो तीस वीरों में से एक वीर सैनिक थे. उनके बाद उनके पुत्र अम्मीज़ाबाद इस समूह के सेनापति के रूप में चुने गए.
7चौथे महीने, योआब के भाई आसाहेल. उनके बाद उनके पुत्र ज़ेबादिया सेनापति बने. इस टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे.
8पांचवें महीने, इज्राह के वंशज समहूथ. इस टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे.
9छठे महीने, तकोआवासी इक्केश के पुत्र ईरा. इस टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे.
10सातवें महीने, पेलोन नगर से एफ्राईमवासी हेलेस, इस टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे.
11आठवें महीने, हुशाथी नगर के सिब्बेकाई. वह यहूदाह गोत्र के ज़ेरा वंश के सदस्य थे. इस टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे.
12नवें महीने, बिन्यामिन गोत्र के क्षेत्र के अनाथोथ नगर से अबीएज़ेर. इस टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे.
13दसवें महीने, नेतोफ़ा नगर से माहाराई इस टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे.
14ग्यारहवें महीने, एफ्राईम गोत्र के प्रदेश के पिराथोन नगर के बेनाइयाह. इस टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे.
15बारहवें महीने, नेतोफ़ा से हेल्दाई, जो ओथनीएल के वंशज थे. इस टुकड़ी में 24,000 सैनिक थे.
गोत्रों का प्रबंधन
16इस्राएल के गोत्रों का प्रबंधन:
रियूबेन: ज़ीकरी के पुत्र एलिएज़र;
शिमओन: माकाह के पुत्र शेपाथियाह;
17लेवी: केमुएल के पुत्र हशाबियाह;
अहरोन: ज़ादोक;
18यहूदाह: राजा दाविद के एक भाई एलिहू;
इस्साखार: मिखाएल के पुत्र ओमरी;
19ज़ेबुलून: ओबदयाह के पुत्र इशमाइया;
नफताली: अज़रिएल के पुत्र येरीमोथ;
20एफ्राईम: अज़रियाह के पुत्र होशिया;
पश्चिमी मनश्शेह: पेदाइयाह के पुत्र योएल;
21पूर्वी (गिलआद) मनश्शेह: ज़करयाह के पुत्र इद्दो;
बिन्यामिन: अबनेर के पुत्र यआसिएल;
22दान: येरोहाम के पुत्र अज़रेल.
ये थे इस्राएल के गोत्रों के प्रमुख.
23दाविद ने यहोवाह की उस प्रतिज्ञा को याद करके, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह इस्राएल को आकाश के तारों के समान अनगिनत बना देंगे, गिनती में उन्हें शामिल नहीं किया था, जिनकी उम्र बीस साल या इससे कम थी. 24ज़ेरुइयाह के पुत्र योआब ने उन्हें शामिल करना शुरू किया ही था, परंतु इसे पूरा नहीं किया. फिर भी इसके लिए इस्राएल परमेश्वर के क्रोध का शिकार बन गया. वास्तविक गिनती राजा दाविद के इतिहास की पुस्तक में शामिल न की जा सकी.
विभिन्न पर्यवेक्षक
25आदिएल के पुत्र अज़मावेथ राजा के राज भंडारों के अधीक्षक थे.
उज्जियाह के पुत्र योनातन छोटे नगरों के भंडारों, गांवों, खेतों और मीनारों के अधीक्षक थे.
26केलुब के पुत्र एज़री कृषि—मजदूरों के अधीक्षक थे.
27रामाह के शिमेई अंगूर के खेतों के अधीक्षक थे.
शेफ़ामवासी ज़ब्दी अंगूर के खेतों से आनेवाली दाखमधु की देखभाल और भंडारण करने के अधीक्षक थे.
28गेदेर के बाल-हनन पश्चिमी पहाड़ी प्रदेश में जैतून और देवदार वृक्षों के अधीक्षक थे.
योआश जैतून के तेल के भंडारण के अधीक्षक थे.
29शारोन के शितराई शारोन क्षेत्र में पशुओं के अधीक्षक थे.
अदलाई के पुत्र शाफात घाटियों में पशुओं के अधीक्षक थे.
30इशमाएली व्यक्ति ओबिल ऊंटों के अधीक्षक थे.
मेरोनोथ के येहदेइया गधों के अधीक्षक थे.
31हग्रियों नगरवासी याज़ीज़ भेड़-बकरियों के अधीक्षक थे.
ये ही सब थे राजा दाविद की धन-संपत्ति के अधिकारी.
32दाविद के चाचा योनातन उनके सलाहकार थे. उनमें सूझ-बूझ थी, वह लेखक भी थे.
उनके अलावा हकमोनी के पुत्र येहिएल राजपुत्रों के शिक्षक थे.
33अहीतोफ़ेल राजा के सलाहकार थे.
अर्की हुशाई राजा के सलाहकार मित्र थे.
34(बेनाइयाह के पुत्र यहोयादा और अबीयाथर अहीतोफ़ेल के बाद उनकी जगह पर सलाहकार हुए.)
योआब राजा की सेना के सेनापति थे.