1 थेस्सलोनि 1 (HCV)

1पिता परमेश्वर तथा प्रभु मसीह येशु में थेस्सलोनिकेयुस नगर की कलीसिया को यह पत्र पौलॉस,
सिलवानॉस1:1 सिलवानॉस अर्थात्, सीलास तथा तिमोथियॉस की ओर से है.
आप लोगों को अनुग्रह तथा शांति मिलती रहे.
कृतज्ञता तथा प्रशंसा
2अपनी प्रार्थनाओं में आप लोगों का वर्णन करते हुए हम हमेशा आप सभी के लिए परमेश्वर का आभार मानते हैं. 3हम हमेशा ही परमेश्वर, हमारे पिता के सामने आप लोगों के विश्वास के काम, प्रेम का परिश्रम तथा हमारे प्रभु मसीह येशु में आप लोगों की दृढ़ आशा को याद करते हैं.
4क्योंकि, प्रिय भाइयो और बहनो, परमेश्वर के प्रियो, हमें अहसास है कि आप लोग परमेश्वर के चुने हुए हैं, 5हमारे द्वारा प्रस्तुत सुसमाचार आप लोगों को सिर्फ शब्दों में नहीं परंतु सामर्थ्य, पवित्र आत्मा तथा पूरे धीरज के साथ पहुंचाया गया था. आप लोगों के बीच निवास करते हुए आप लोगों की ही भलाई के लिए हम किस प्रकार के व्यक्ति साबित हुए थे, यह आप लोगों ने स्वयं ही देख लिया है. 6प्रभु के संदेश को घोर क्लेश में, पवित्र आत्मा के आनंद में स्वीकार करते हुए आप लोग स्वयं हमारे तथा प्रभु के शिष्य बन गए थे. 7जिसका परिणाम यह हुआ कि आप लोग मकेदोनिया तथा आखाया प्रदेश में सभी विश्वासियों के लिए एक आदर्श बन गए. 8आप लोगों के द्वारा भेजा गया प्रभु का संदेश न केवल मकेदोनिया तथा आखाया प्रदेश में सुनाया गया और बढ़ता गया परंतु परमेश्वर में आप लोगों का विश्वास भी सबको मालूम हो गया है. परिणामस्वरूप कोई ज़रूरत नहीं रह गई कि इस विषय में अब हम कुछ कहें, 9वे ही हर जगह इस बात का वर्णन कर रहे हैं कि आप लोगों द्वारा किया गया हमारा स्वागत कैसा भव्य था तथा यह भी कि किस प्रकार आप लोग मूर्तियों से दूर होकर परमेश्वर की ओर झुक गए कि जीवित और सच्चे परमेश्वर की सेवा करने लगें 10और स्वर्ग से उनके पुत्र मसीह येशु के दोबारा आगमन की प्रतीक्षा करें, जिन्हें परमेश्वर ही ने मरे हुओं में से जीवित किया, मसीह येशु, जो हमें आनेवाले क्रोध से बचाते हैं.