आमोस 3 (HCV)

इस्राएल के विरुद्ध गवाहों को बुलाना
1हे इस्राएलियो, सुनिए यह वह संदेश है, जिसे यहोवाह ने आप लोगों के विरुद्ध कहा है—पूरे वंश के विरुद्ध जिन्हें मैंने मिस्र देश से बाहर निकाल लाया है:
2“केवल आप लोग हैं जिन्हें मैंने
पृथ्वी के सब कुलों में से चुना है;
तब मैं आप लोगों के सभी पापों के लिये
आप लोगों को दंड दूंगा.”
3क्या यह संभव है कि बिना सहमति के
दो व्यक्ति एक साथ चलें?
4क्या सिंह वन में शिकार के
दिखे बिना दहाड़ता है?
क्या वह अपनी मांद में से
कुछ पकड़े बिना गुर्राता है?
5क्या कोई पक्षी भूमि पर बिना चारा डाले
बिछाए गए जाल की ओर झपटेगा?
क्या भूमि पर से फंदा अपने आप उछलता है
जब उसमें कुछ न फंसा हो?
6जब तुरही की आवाज़ से नगर में चेतावनी दी जाती है,
तो क्या लोग डर से नहीं कांपते हैं?
जब किसी नगर पर विपत्ति आती है,
तो क्या यह यहोवाह की ओर से नहीं होता?
7निश्चित रूप से सार्वभौम यहोवाह अपने सेवक भविष्यवक्ताओं पर
अपनी योजना प्रकट किए बिना
कुछ भी नहीं करते.
8जब सिंह की गर्जना सुनाई देती है—
तो कौन हैं, जो भयभीत न होंगे?
सार्वभौम यहोवाह ने कहा है—
तो कौन हैं, जो भविष्यवाणी न करेंगे?
9अशदोद के राजमहलों में
और मिस्र देश के राजमहलों में यह घोषणा की जाए:
“शमरिया के पर्वतों पर इकट्‍ठे हो जाइए;
और उसके बीच हो रहे शोरगुल
और उसके लोगों पर हो रहे अत्याचार पर ध्यान दीजिए.”
10“वे सही काम करना जानते ही नहीं,” यह यहोवाह का कहना है,
“उनके लूटे और छीने गए माल को
उनके राजमहलों में किन व्यक्ति ने इकट्ठा किया है.”
11तब सार्वभौम यहोवाह का यह संदेश है:
“एक शत्रु आप लोगों के देश को घेर लेंगे,
वह आप लोगों के भवनों को गिरा देंगे
और आप लोगों के राजमहलों को लूटेंगे.”
12यहोवाह का यह कहना है:
“जिस प्रकार चरवाहा छुड़ाने के प्रयास में सिंह के मुंह से
सिर्फ पैर की दो हड्डी या कान का एक टुकड़ा ही बचा पाते हैं,
उसी प्रकार से वे इस्राएली, जो शमरिया में निवास करते हैं,
ऐसे बचाए जाएंगे, जैसे पलंग का सिरहाना
और बिस्तर से कपड़े का एक टुकड़ा.”
13“यह बात सुनिए और याकोब के घराने विरुद्ध में कहिये,” सार्वभौम यहोवाह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर की यह घोषणा है.
14“जिस दिन मैं इस्राएल को उसके पापों के लिए दंड दूंगा,
मैं बेथेल की वेदियों को नष्ट कर दूंगा;
वेदी के सींग जो वेदी की संरचना के अंग हैं,
काट दिए जाएंगे और वे भूमि पर गिर पड़ेंगे.
15मैं शीतकालीन भवन
और साथ में ग्रीष्मकालीन भवन को गिरा दूंगा;
वे भवन, जो हाथी-दांत से सजाए गए हैं, नाश किए जाएंगे
और हवेलियों को नष्ट कर दिया जाएगा,”
यह यहोवाह का कहना है.