प्रकाशन 3 (HCV)

सारदेइस की कलीसिया को
1“सारदेइस नगर की कलीसिया के लिए चुने हुए दूत को लिखिए:
ये उनके वचन हैं जो परमेश्वर की सात आत्माओं को तथा सात तारों को पकड़े रहते हैं:
मैं आपके कामों से परिचित हूं. आप कहलाते तो हैं जीवित, किंतु वास्तव में हैं मरे हुए! 2इसलिये सावधान हो जाइए! आप में जो कुछ बाकी है, वह भी मृतक समान है, उसमें नए जीवन का संचार कीजिए क्योंकि मैंने अपने परमेश्वर की दृष्‍टि में आपके अन्य कामों को अधूरा पाया है. 3इसलिये याद कीजिए कि आपने क्या शिक्षा प्राप्‍त की तथा आपने क्या सुना था. उसका पालन करते हुए मन फिराव कीजिए; किंतु यदि आप न जागे तो मैं चोर के समान आऊंगा—आप जान भी न पाएंगे कि मैं कब आपके पास आ पहुंचूंगा.
4सारदेइस नगर की कलीसिया में अभी भी कुछ ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने अपने वस्त्र अधर्म से अशुद्ध नहीं किए. वे सफेद वस्त्रों में मेरे साथ चलने योग्य हैं. 5जो विजयी होंगे, उन्हें मैं सफेद वस्त्रों में सुसज्जित करूंगा. मैं उनका नाम जीवन की पुस्तक में से न मिटाऊंगा. मैं उनका नाम अपने पिता के सामने तथा उनके स्वर्गदूतों के सामने अंगीकार करूंगा. 6जिनके कान हों, वह सुन लें कि कलीसियाओं से पवित्र आत्मा का कहना क्या है.
फ़िलादेलफ़िया की कलीसिया को
7“फ़िलादेलफ़िया नगर की कलीसिया के लिए चुने हुए दूत को लिखो:
वह, जो पवित्र हैं, जो सच हैं, जिनके पास दाविद की कुंजी है, जो वह खोलते हैं, उसे कोई बंद नहीं कर सकते, जो वह बंद करते हैं, उसे कोई खोल नहीं सकते, उनका कहना यह है.
8मैं आपके कामों से परिचित हूं. ध्यान दीजिए कि मैंने आपके सामने एक द्वार खोल रखा है, जिसे कोई बंद नहीं कर सकते. मैं जानता हूं कि आपकी शक्ति सीमित है फिर भी आपने मेरी आज्ञा का पालन किया है और मेरे नाम को अस्वीकार नहीं किया. 9सुनिए! जो शैतान की सभा के हैं और स्वयं को यहूदी कहते हैं, किंतु हैं नहीं, वे झूठे हैं. मैं उन्हें मजबूर करूंगा कि वे आएं तथा आपके पावों में अपने सिर झुकाएं और यह जान लें कि मैंने आपसे प्रेम किया है. 10इसलिये कि आपने मेरी धीरज रूपी आज्ञा का पालन किया है, मैं भी उस विपत्ति के समय, जो पृथ्वी के सभी निवासियों पर उन्हें परखने के लिए आने पर है, आपकी रक्षा करूंगा.
11मैं शीघ्र आ रहा हूं. जो कुछ आपके पास है, उस पर अटल रहिए कि कोई आपका मुकुट छीनने ना पाएं. 12जो विजयी होंगे, उन्हें मैं अपने परमेश्वर के मंदिर के मीनार बनाऊंगा. वह वहां से कभी बाहर न जाएंगे. मैं उन पर अपने परमेश्वर का नाम, अपने परमेश्वर के नगर, नए येरूशलेम का नाम, जो मेरे परमेश्वर की ओर से स्वर्ग से उतरने वाला है तथा अपना नया नाम अंकित करूंगा. 13जिनके कान हों, वह सुन लें कि कलीसियाओं से पवित्र आत्मा का कहना क्या है.
लाओदीकेइया की कलीसिया को
14“लाओदीकेइया नगर की कलीसिया के लिए चुने हुए दूत को लिखिए:
जो आमेन, विश्वासयोग्य, सच्चा गवाह और परमेश्वर की सृष्टि के आधार हैं, उनका कहना यह है:
15मैं आपके कामों से परिचित हूं—आप न तो ठंडे हैं और न गर्म—उत्तम तो यह होता कि आप ठंडे ही होते या गर्म ही. 16इसलिये कि आप कुनकुने हैं; न गर्म, न ठंडे, मैं आपको अपने मुख से उगलने पर हूं. 17आपका तो यह दावा है, मैं धनी हूं, मैं समृद्ध हो गया हूं तथा मुझे कोई कमी नहीं है, किंतु आप नहीं जानते कि वास्तव में आप तुच्छ, अभागे, अंधे तथा नंगे हैं. 18आपके लिए मेरी सलाह है कि आप मुझसे आग में शुद्ध किया हुआ सोना मोल ले लीजिए कि आप धनवान हो जाएं; मुझसे सफेद वस्त्र लेकर पहन लीजिए कि आप अपने नंगेपन की लज्जा को ढांप सकें. मुझसे सुर्मा लेकर अपनी आंखों में लगाइए कि आपको दिखाई देने लगे.
19अपने सभी प्रेम करने वालों को मैं ताड़ना देता तथा अनुशासित करता हूं. इसलिये बहुत उत्साहित होकर मन फिराव कीजिए. 20सुनिए! मैं द्वार पर खड़ा हुआ खटखटाता रहा हूं. यदि कोई मेरा शब्द सुनकर द्वार खोलेंगे, मैं उनके घर में प्रवेश करूंगा तथा मैं उनके साथ और वह मेरे साथ भोजन करेंगे.
21जो विजयी होंगे, उन्हें मैं अपने साथ अपने सिंहासन पर बैठने का अधिकार दूंगा—ठीक जैसे स्वयं मैंने विजय प्राप्‍त की तथा अपने पिता के साथ उनके सिंहासन पर आसीन हुआ. 22जिनके कान हों, वह सुन लें कि कलीसियाओं से पवित्र आत्मा का क्या कहना है.”