यहेजकेल 32 (HCV)
फ़रोह के लिये एक विलाप
1बारहवें वर्ष के, बारहवें माह के पहले दिन, यहोवाह का वचन मेरे पास आया: 2“हे मानव-पुत्र, मिस्र के राजा फ़रोह के बारे में एक विलापगीत लीजिए और उन्हें सुनाइए:
“ ‘जनसमूहों के लोगों के बीच आप एक सिंह की तरह हैं;
समुद्र में आप एक विशाल और विलक्षण प्राणी की तरह हैं,
आप अपने सोतों में मजा लेते,
पांव से पानी को मथते,
और सोतों को कीचड़ से भर देते हैं.
3“ ‘सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है:
“ ‘लोगों की एक बड़ी भीड़ के साथ
मैं आप पर अपना जाल फेंकूंगा,
और वे आपको मेरे जाल में ऊपर खींच लेंगे.
4मैं आपको भूमि पर फेंक दूंगा,
और खुले मैदान में पटक दूंगा.
मैं आकाश के सब पक्षियों को आप पर बसेरा करने दूंगा
और बंजर भूमि के सारे पशु आपको भकोसकर खा जाएंगे.
5मैं आपका मांस पर्वतों पर बिखरा दूंगा
और घाटियों को आपके बचे हुए अंगों से भर दूंगा.
6मैं आपके बहते हुए खून से
पर्वतों तक की भूमि को भीगा दूंगा,
और घाटियां आपके मांस से भर जाएंगी.
7जब मैं आपको सूंघकर निकालूंगा तब मैं आकाश को ढांक दूंगा
और उसके तारों को अंधेरा कर दूंगा;
मैं सूर्य को एक बादल से ढांक दूंगा,
और चंद्रमा अपना प्रकाश न देगा.
8आकाश की सब चमकती ज्योतियों को
मैं आपके लिये अंधेरा कर दूंगा;
मैं आपके देश पर अंधकार ले आऊंगा,
सार्वभौम यहोवाह की वाणी है!
9जब जनसमूहों के लोगों के बीच,
और उन देशों के बीच जिन्हें आप नहीं जानते,
मैं आपके ऊपर विनाश लाऊंगा,
तब मैं बहुतों के मन को व्याकुल करूंगा.
10जब मैं उनके सामने अपनी तलवार चलाऊंगा,
तब मैं बहुत से लोगों को आपसे भयभीत कराऊंगा,
और उनके राजा आपके कारण अत्यधिक भय से कांपेंगे.
आपके पतन के दिन
उनमें से हर एक व्यक्ति अपने जीवन के लिये
हर क्षण कांपेंगे.
11“ ‘क्योंकि सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है:
“ ‘बाबेल के राजा की तलवार
आपके ऊपर चलेगी.
12मैं शक्तिशाली लोगों की तलवार से
आपके उपद्रवी लोगों को मरवाऊंगा—
ये शक्तिशाली लोग सब जातियों में सबसे अधिक निर्दयी हैं.
वे मिस्र के अहंकार को चकनाचूर कर देंगे,
और उसके सब उपद्रवी लोग नाश कर दिये जाएंगे.
13मैं उसके सब पशुओं को
जलाशयों के किनारे से नष्ट कर दूंगा
जिससे पानी मनुष्य के पांव से मथकर गंदा न हो
या पशुओं के खुर से वहां कीचड़ न हो.
14तब मैं उसके पानी को साफ कर दूंगा
और उसके सोतों से पानी को तेल की तरह बहाऊंगा,
सार्वभौम यहोवाह की घोषणा है.
15जब मैं मिस्र देश को उजाड़ दूंगा
और देश से सब चीज़ों को छीन लूंगा,
जब मैं उन सबको मारूंगा, जो वहां रहते हैं,
तब वे जानेंगे कि मैं ही यहोवाह हूं.’
16“यह वह विलापगीत है, जिसे वे उसके लिये गाएंगे. जनसमूहों की बेटियां इसे गाएंगी; मिस्र देश और उसके सब उपद्रवी लोगों के लिये वे इसे गाएंगी, सार्वभौम यहोवाह की घोषणा है.”
मिस्र का वंशक्रम मृतकों के राज्य में
17बारहवें वर्ष के, पहले माह के पंद्रहवें दिन, यहोवाह का वचन मेरे पास आया: 18“हे मानव-पुत्र, मिस्र देश के उपद्रवी लोगों के लिये शोक मनाइए और उसे तथा शक्तिशाली जाति की बेटियों को उन लोगों के साथ पृथ्वी को सौंप दीजिए, जो नीचे कब्र में जाते हैं. 19उनसे कहिये, ‘क्या आप लोग दूसरों की अपेक्षा ज्यादा कृपापात्र हैं? नीचे जाकर खतना-रहितों के बीच लेट जाइए.’ 20वे उन्हीं के बीच गिरेंगे, जो तलवार से घात किये गए हैं. तलवार म्यान से निकाली गई है; उसे उसके सब उपद्रवी लोगों के साथ घसीटकर ले जाया जाए. 21मृतकों के राज्य के भीतर से ही शक्तिशाली अगुए मिस्र और उसके साथ वालों के बारे में कहेंगे, ‘वे नीचे आ गए हैं और वे उन खतना-रहित लोगों के साथ पड़े हैं, जो तलवार से मारे गए हैं.’
22“अश्शूर वहां अपनी पूरी सेना के साथ है; वह अपने सब मारे गए लोगों की कब्रों से घिरी हुई है, वे सब जो तलवार से मारे गए हैं. 23उनकी कब्र गड्ढों की गहराइयों में हैं और उसकी सेना उसकी कब्र के चारों ओर लेटी हुई है. वे सब जिन्होंने जीवितों के देश में आतंक फैलाया था, घात किये गए हैं; वे सब तलवार से मारे गए हैं.
24“एलाम वहां है, और उसके सब उपद्रवी लोग उसकी कब्र के चारों ओर हैं. वे सब तलवार से मारे गए हैं, जिन्होंने जीवितों के देश में आतंक फैलाया था, वे सब नीचे पृथ्वी में खतना-रहित चले गए हैं. वे उनके साथ ही लज्जित हैं, जो नीचे कब्र में जाते हैं. 25मारे गये लोगों के बीच उसके लिये एक बिछौना बनाया गया है, और उसके सब उपद्रवी लोग उसकी कब्र के चारों ओर हैं. ये सबके सब खतना-रहित लोग हैं और तलवार से मारे गए हैं. क्योंकि जीवितों के देश में उनका आतंक फैला था, इसलिये वे उनके साथ ही लज्जित हैं, जो नीचे कब्र में जाते हैं; उन्हें मारे गए लोगों के बीच रखा गया है.
26“मेशेख और तूबल वहां हैं, और उनके उपद्रवी लोग उनकी कब्रों के चारों तरफ़ हैं. उनमें से सब खतना-रहित हैं और तलवार से मारे गए हैं क्योंकि उन्होंने जीवितों के देश में अपना आतंक फैलाया था. 27पर वे मरे हुए उन पुराने योद्धाओं32:27 किंवा, खतना-रहित योद्धा. के साथ नहीं पड़े हैं, जो अपने युद्ध के हथियारों के साथ मृतकों के राज्य में नीचे गए—उनकी तलवारें उनके सिर के नीचे रखी थीं और उनके ढाल उनकी हड्डियों पर पड़े थे—यद्यपि ये योद्धा भी जीवितों के देश को आतंकित किए थे.
28“हे फ़रोह, आपको भी टुकड़े-टुकड़े कर दिया जाएगा और आप भी उन खतना-रहितों के बीच पड़े रहेंगे, जो तलवार से मारे गए हैं.
29“एदोम, उनके राजा और उनके सब राजकुमार वहां हैं; शक्तिशाली होने के बावजूद, वे उनके साथ पड़े हैं, जो तलवार से मारे गए हैं. वे उन खतना-रहितों के साथ पड़े हैं, जो नीचे कब्र में जाते हैं.
30“उत्तर दिशा के सारे राजकुमार और सारे सीदोनी भी वहां हैं; अपनी शक्ति से आतंक फैलाने के बावजूद, कलंकित होकर वे मारे गये लोगों के साथ कब्र में चले गए. वे खतना-रहित दशा में उन लोगों के साथ पड़े हुए हैं, जो तलवार से मारे गए हैं और उनके साथ ही लज्जित हैं, जो नीचे कब्र में जाते हैं.
31“फ़रोह—वह और उनकी सारी सेना—उन्हें देखेगी और उन्हें अपने उन सारे उपद्रवी लोगों के बारे में सांत्वना मिलेगी, जो तलवार से मारे गये थे, सार्वभौम यहोवाह की घोषणा है. 32यद्यपि मैंने जीवितों के देश में फ़रोह का आतंक फैला दिया था, फिर भी वह और उसके सब उपद्रवी लोग उन खतना-रहितों के बीच पड़े रहेंगे, जो तलवार से मारे गए हैं, सार्वभौम यहोवाह की घोषणा है.”