सर्वश्रेष्ठ गीत 4 (HCV)

नायक
1कितनी खूबसूरत हैं, आप मेरी प्रिया!
मेरी आंखों के लिए कितनी प्रिय हैं आप!
ओढ़नी के पीछे आपकी आंखें कबूतरी के समान हैं.
आपके बाल गिलआद पर्वत की ढाल पर
चढ़ाई कर रही बकरियों के समान हैं.
2आपके दांत अभी-अभी ऊन कतरे हुए भेड़ों के समान हैं,
जो नहाकर आई हैं,
उन सभी के जुड़वां बच्‍चे होते हैं,
तथा जिनमें से एक भी अकेला नहीं है.
3आपके ओंठ लाल रंग की डोरी के समान हैं;
तथा मनमोहक है आपका मुंह.
आपके गाल आपकी ओढ़नी
के पीछे अनार की दो फांक के समान हैं.
4दाविद द्वारा बनाए गए मीनारों के समान है आपकी गर्दन,
जिन्हें पत्थरों को तराशकर बनाया गया है,
जिन पर एक हज़ार ढालें लटका दी जाती हैं,
वीर योद्धाओं की सभी गोलाकार ढालें.
5आपकी दोनों छातियां हिरणी के दो बच्चों के समान हैं,
हिरणी के जुड़वां बच्‍चे,
जो सोसन के फूलों के बीच चरते हैं.
6शाम होने तक
जब छाया मिटने लगती है,
मैं गन्धरस के पहाड़ पर चला जाऊंगा,
हां, लोबान की पहाड़ी पर.
7मेरी प्रियतमा, आप सर्वांग सुंदरी हैं;
कोई भी दोष नहीं है आप में.
8मेरी दुल्हिन, मेरे साथ लबानोन से आ जाइए,
कैसा होगा जब आप मेरे साथ लबानोन से आएंगी.
उतर आइए; अमाना शिखर से,
सेनीर तथा हेरमोन के शिखर से,
शेरों की गुफाओं से,
तेंदुओं के पर्वतों से.
9मेरी बहन, मेरी दुल्हिन, आपने तो मेरी हृदय गति तेज कर दी है;
आपके गले की हार के एक ही हीरे से,
आपकी आंखों के एक ही चितवन से,
आपने तो मेरी हृदय गति तेज कर दी है!
10मेरी बहन, मेरी दुल्हिन, कैसा मनोहर है आपका प्रेम!
दाखमधु से भी उत्तम है आपका प्रेम,
तथा आपके ईत्रों की सुगंध भी उत्तमोत्तर है
सभी मसालों की सुगंध से!
11मेरी दुल्हिन, आपके ओंठ मधु टपकाते हैं;
आपकी जीभ के नीचे दूध और मधु रहता है,
आपके वस्त्रों से उठती सुगंध
लबानोन की सुगंध के समान है.
12मेरी बहन, मेरी दुल्हिन, एक गुप्‍त निजी बगीचा है;
चारदीवारी में बंद तथा निजी झरने वाला बगीचा.
13आप तो अनार के पेड़ों की बारी हैं,
जिसमें सबसे अच्छे फल लगे हुए हैं
तथा जिसमें मेंहदी
तथा जटामांसी के पौधे लगे हुए हैं.
14जटामांसी एवं केसर,
नरकुल तथा दालचीनी,
ये सभी गन्धरस,
लोबान तथा अगर
तथा इनके सारे मुख्य मसालों के मिश्रण के साथ.
15आप तो बगीचे के बीच के सोते हैं,
सुखदायी जल के कुएं,
वे नदियां, जो लबानोन से निकली हैं.
नायिका
16उत्तरी वायु, जागो,
दक्षिण वायु! आ जाओ;
मेरे बगीचे के ऊपर से बहो,
इसके मसालों के मिश्रण उड़कर दूर चले जाएं.
मेरे प्रेमी को अपने बगीचे में आने दीजिए
तथा इसके उत्तम-उत्तम फलों को खाने दीजिए.