यहेजकेल 5 (HCV)

परमेश्वर के न्याय का उस्तरा
1“हे मानव-पुत्र, अब आप एक तेज तलवार लीजिए और उसका उपयोग एक नाई के उस्तरे की तरह अपने सिर के बाल मुंड़ाने और अपनी दाढ़ी बनाने में करिये. तब तोलने का कांटा लेकर इन बालों को बांट लीजिए. 2जब आपके घेराबंदी के दिन खत्म हो जाते हैं, तो एक तिहाई बालों को शहर के अंदर जला दीजिएगा. तब एक तिहाई बालों को लेकर शहर के चारों तरफ़ तलवार से काटते जाइएगा. और एक तिहाई बालों को हवा में बिखेर दीजिएगा. और मैं नंगी तलवार लेकर उनका पीछा करूंगा. 3परंतु कुछ बालों को लेकर इन्हें अपने कपड़े की परतों पर खोंच दीजिएगा. 4फिर, इन बालों में से कुछ को लेकर उन्हें आग में फेंककर जला दीजिएगा. वहां से एक आग पूरे इस्राएल में फैल जाएगी.
5“सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है: यह येरूशलेम है, जिसे मैंने जनसमूहों के लोगों के बीच में रखा है, और यह चारों ओर देशों से घिरी हुई है. 6किंतु उसने दुष्ट काम करके मेरे कानूनों और नियमों के विरुद्ध अपने चारों तरफ़ के जनसमूहों और देशों से अधिक विद्रोह किया है. उसने मेरे कानूनों को तुच्छ जाना है और वह मेरे नियमों पर नहीं चली है.
7“इसलिये सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है: आप अपने चारों तरफ़ के जनसमूहों से ज्यादा उद्दंड हो गए हैं और मेरे नियमों या कानूनों के पीछे नहीं चले हैं. और तो और आप अपने चारों तरफ़ के जनसमूहों के स्तर के भी नहीं बने हैं.
8“इसलिये सार्वभौम यहोवाह का यह कहना है: हे येरूशलेम, मैं, स्वयं तुम्हारे विरुद्ध हूं, और मैं जातियों के देखते में ही तुम्हें दंड दूंगा. 9तुम्हारे घृणास्पद मूर्तियों के कारण, मैं तुम्हारे बीच वह करूंगा, जो मैंने पहले कभी नहीं किया है और न भविष्य में फिर कभी ऐसा करूंगा. 10इसलिये, तुम्हारे ही बीच माता-पिता अपने बच्चों को खाएंगे और बच्‍चे अपने माता-पिता को खा जायेंगे. मैं तुम्हें दंड दूंगा और तुम्हारे बचे हुए लोगों को हवा में बिखेर दूंगा. 11इसलिये सार्वभौम यहोवाह घोषणा करते हैं, ‘मैं अपने जीवन की शपथ खाकर कहता हूं, क्योंकि तुमने अपनी सब निकम्मी मूर्तियों और घृणास्पद कार्यों के द्वारा मेरे पवित्र निवास को अशुद्ध किया है, मैं स्वयं तुम्हें छील डालूंगा; मैं तुम पर दया नहीं करूंगा या तुम्हें नहीं बचाऊंगा. 12तुम्हारे एक तिहाई लोग तुम्हारे ही बीच में महामारी या अकाल से मरेंगे, एक तिहाई तलवार से तुम्हारी दीवारों के बाहर मारे जाएंगे; और एक तिहाई को मैं चारों ओर तितर-बितर कर दूंगा और नंगी तलवार से पीछा करवाऊंगा.’
13“तब मेरा क्रोध बंद होगा और उनके विरुद्ध मेरा कोप शांत होगा, और मेरा प्रतिशोध पूरा होगा. और जब उन पर मेरा कोप खत्म हो जाएगा, तब वे जानेंगे कि मैं, यहोवाह ने अपने उत्साह में उनसे यह सब कहा है.
14“मैं तुम्हें उजाड़ दूंगा और तुम्हारे चारों तरफ़ के जनसमूहों के बीच और वे जो वहां से होकर गुज़रते हैं, उनकी दृष्‍टि में, मैं तुम्हें एक कलंक बना दूंगा. 15जब मैं अपने क्रोध और कोप में बहुत फटकार के साथ तुम्हें दंड दूंगा, तब तुम अपने चारों तरफ़ के जनसमूहों के लिये एक कलंक और एक निंदा, एक चेतावनी और एक बहुत घृणा के पात्र बन जाओगे. मैं, यहोवाह ने यह कहा है. 16जब मैं तुम पर अकाल के घातक और विनाशकारी तीर छोड़ूंगा, तो तुम्हें नाश करने के लिये ऐसा करूंगा. मैं तुम्हारे ऊपर बार-बार अकाल लाऊंगा और तुम्हारा भोजन-पानी बंद कर दूंगा. 17मैं तुम्हारे बीच अकाल और जंगली जानवर भेजूंगा और वे तुम्हें संतानहीन कर देंगे. महामारी और रक्तपात तुम्हारे बीच होगा, और मैं तुम पर तलवार चलवाऊंगा. मैं, यहोवाह ने यह कहा है.”